धार , मई 4 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के औद्योगिक नगर पीथमपुर के सेक्टर-1 थाना क्षेत्र में एक नवजात बालिका का शव प्लास्टिक की थैली में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार यह घटना वृंदावन कॉलोनी स्थित देवनारायण मंदिर के पास एक खाली जमीन पर आज दोपहर सामने आई। कचरा बीनने वाली महिलाओं ने वहां कुत्तों को एक प्लास्टिक की पन्नी पर भौंकते देखा। संदेह होने पर उन्होंने पन्नी की जांच की, जिसमें नवजात बच्ची का शव मिला।

घटना की सूचना राहगीरों द्वारा डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों और अस्पतालों के रिकॉर्ड की जांच कर रही है, ताकि नवजात को वहां फेंकने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित