भोपाल , जुलाई 8 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र प्रदेश की औद्योगिक शक्ति का महत्वपूर्ण केंद्र है और किसान इरिगेशन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड जैसी कंपनियां निवेश, रोजगार तथा तकनीकी प्रगति को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों के विकास के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध करा रही है, जिससे युवाओं को रोजगार और किसानों को आधुनिक तकनीक का लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को धार जिले के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में किसान इरिगेशन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड की चौथी नवीन विनिर्माण इकाई के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने फैक्ट्री परिसर स्थित शिव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना भी की तथा कंपनी प्रबंधन को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि सिंचाई और जल संरक्षण के क्षेत्र में आधुनिक पाइप, ड्रिप और स्प्रिंकलर इरिगेशन प्रणाली किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। नई विनिर्माण इकाई के शुरू होने से कृषि क्षेत्र में जल प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि उद्योगों का विस्तार केवल आर्थिक विकास ही नहीं, बल्कि समाज के समग्र विकास का भी आधार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई इकाई से पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही प्रदेश में कृषि एवं जल प्रबंधन से जुड़े आधुनिक उत्पादों के उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने नवीन इकाई का अवलोकन कर पाइप निर्माण में उपयोग की जा रही अत्याधुनिक मशीनों की जानकारी प्राप्त की और कंपनी द्वारा कृषि, सिंचाई तथा जल प्रबंधन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
कंपनी के प्रबंध निदेशक कुणाल अग्रवाल ने बताया कि किसान इरिगेशन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड की स्थापना लगभग 40 वर्ष पूर्व हुई थी। वर्तमान में कंपनी की पांच इकाइयां संचालित हैं, जिनमें से चार पीथमपुर में स्थित हैं। कंपनी पीवीसी, एचडीपीई, सीपीवीसी और यूपीवीसी पाइप एवं फिटिंग्स के साथ जल टैंक, ड्रिप और स्प्रिंकलर इरिगेशन सिस्टम का निर्माण करती है। चौथी नई इकाई में एचडीपीवी और डीडब्ल्यूसी पाइप्स का निर्माण किया जाएगा। कार्यक्रम में धार विधायक नीना वर्मा, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, पुलिस महानिरीक्षक अनुराग, धार कलेक्टर राजीव रंजन मीणा सहित जनप्रतिनिधि एवं कंपनी के पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित