मुरादाबाद , अक्टूबर 12 -- देश-विदेश में अपनी उत्कृष्ट हस्तशिल्प कला के लिए विख्यात 'पीतल नगरी' मुरादाबाद में पांच दशक पुरानी कारोबारी विरासत ने सोमवार को एक नए कलेवर के साथ वापसी की। दिल्ली रोड स्थित एसकेआई हैंडीक्राफ्ट्स के नए शोरूम का भव्य शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। 1970 में स्थापित 'एसके इंडस्ट्रीज' के संस्थापक स्वर्गीय सुरेश कुमार खन्ना की धर्मपत्नी कंचन खन्ना ने फीता काटकर प्रतिष्ठान का उद्घाटन किया, जबकि उनके उद्यमी पुत्र राजेश खन्ना ने बदलते अंतरराष्ट्रीय बाजार और आधुनिक डिजाइनों की मांग को ध्यान में रखते हुए इस कारोबार को नए सिरे से शुरू किया है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 1970 में सुरेश कुमार खन्ना द्वारा स्थापित एसके इंडस्ट्रीज उनके निधन के बाद कुछ समय के लिए बंद हो गई थी, जिसे अब उनके पुत्र राजेश खन्ना ने निर्यात गुणवत्ता और आधुनिक शिल्प के मेल के साथ पुनर्जीवित किया है।

दिल्ली रोड स्थित इस नए शोरूम में पीतल से बने होम डेकोर उत्पाद, सजावटी मूर्तियां, उपहार सामग्री, पूजा सामग्री और आधुनिक हस्तशिल्प की एक विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध कराई गई है। पारंपरिक कारीगरी और आधुनिक डिजाइनों के इस संगम से ग्राहकों को उत्कृष्ट उत्पाद चुनने के अधिक अवसर मिलेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित