श्रीनगर , जून 23 -- जम्मू-कश्मीर में प्रमुख विपक्षी दल पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने मंगलवार को यहां उमर अब्दुल्ला सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि यह सरकार सरकारी नौकरियों को बाहरी एजेंसियों को सौंपने के साथ-साथ इसके जरिए 'भ्रष्टाचार का नया रूप' चला रही है।

पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में जुटे प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर स्थापित भर्ती तंत्र की अनदेखी करने और सार्वजनिक नियुक्तियों में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।

वरिष्ठ नेता खुर्शीद आलम ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि नौकरियों की 'आउटसोर्सिंग' भ्रष्टाचार का एक जरिया बन चुकी है। उन्होंने सवाल उठाया कि समाचार पत्रों और अन्य सार्वजनिक मंचों पर विज्ञापन जारी करके भर्तियां क्यों नहीं की जा रही हैं?श्री आलम ने कहा, " जम्मू-कश्मीर में पहले से ही सेवा चयन बोर्ड और अन्य विभाग जैसे भर्ती निकाय मौजूद हैं। फिर भी बेरोजगार युवाओं की नजरों से छिपाकर इस गुप्त प्रक्रिया के जरिए नौकरियां क्यों भरी जा रही हैं?" उन्होंने आरोप लगाया कि योग्य उम्मीदवारों को उनके अवसरों से वंचित किया जा रहा है। जब तक इस प्रथा को बंद नहीं किया जाता पीडीपी अपना विरोध-प्रदर्शन जारी रखेगी।

पीडीपी नेता ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के शासनकाल में नौकरियों की आउटसोर्सिंग भ्रष्टाचार का एक नया रूप है। उन्होंने दावा किया, " पैसे लेकर नौकरियां बांटी जा रही हैं। यह सब सिर्फ पैसे का खेल है।"एक अन्य पीडीपी नेता मोहम्मद इकबाल ट्रंबू ने आरोप लगाया कि बिना किसी पारदर्शी मानदंड के 'आउटसोर्सिंग' के जरिए लगभग 25,000 नौकरियां भरी गयी हैं। उन्होंने दावा किया कि इन भर्तियों में भ्रष्टाचार, पक्षपात और भाई-भतीजावाद हावी है। उन्होंने सरकार से एक श्वेत पत्र जारी करने की मांग की, जिसमें यह स्पष्ट किया जाये कि ये नियुक्तियां किस आधार पर की गयी हैं। उन्होंने कहा, " योग्य युवाओं को उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है, जबकि भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है।"उल्लेखनीय है कि सरकार की 'आउटसोर्सिंग नीति' की बढ़ती आलोचनाओं के बीच यह विरोध-प्रदर्शन हुआ है। पीडीपी के मुख्य प्रवक्ता महबूब बेग ने भी हाल ही में निजी भर्ती एजेंसियों को शामिल करने पर सवाल उठाया था, जब केंद्र शासित प्रदेश में सेवा चयन बोर्ड और लोक सेवा आयोग जैसे संस्थान पहले से ही काम कर रहे हैं। इस मुद्दे पर केवल पीडीपी ही नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार पर तीखा हमला बोला है।दूसरी ओर, विवाद पर सफाई देते हुए जम्मू-कश्मीर की मंत्री सकीना इटू ने हाल ही में कहा था कि 'आउटसोर्सिंग' की यह व्यवस्था पिछली सरकारों द्वारा शुरू की गयी थी, न कि वर्तमान प्रशासन द्वारा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित