श्रीनगर , जुलाई 14 -- पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के नेता जुहैब मीर ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेतृत्व वाली सरकार के पास इस पर प्रतिबंध लगाने के लिए आवश्यक विधायी बहुमत है।

पीडीपी के प्रवक्ता मीर ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह मुद्दा पंथा चौक के सेमपोरा क्षेत्र में शराब की दुकान खोले जाने के बाद सामने आया है, जिसके खिलाफ स्थानीय निवासियों ने कड़ा विरोध प्रदर्शन किया था। उन्होंने दावा किया कि इस प्रदर्शन में भाग लेने के अगले दिन उन्हें सुरक्षा बलों द्वारा हिरासत में ले लिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि शराब की दुकानों की लगातार बढ़ती संख्या समाज को भारी नुकसान पहुंचा रही है।

श्री मीर ने सवाल उठाते हुए कहा कि यहां हर जगह शराब की दुकानें खोल दी गई हैं। इसके पीछे क्या तर्क है कि अमरनाथ यात्रा चल रही है, इसलिए दुकान को दूसरी जगह स्थानांतरित किया जा रहा है। हर धर्म पवित्र है और हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं। कोई भी धर्म शराब पीने की अनुमति नहीं देता है।

जम्मू-कश्मीर को नशामुक्त क्षेत्र घोषित करने की मांग करते हुए श्री मीर ने संविधान के अनुच्छेद 47 का हवाला दिया, जो राज्य को नशीले पेय पदार्थों पर प्रतिबंध लगाने की दिशा में काम करने का निर्देश देता है। उन्होंने कहा कि शराब की बढ़ती उपलब्धता से सामाजिक समस्याएं बढ़ रही हैं, जिनमें नशाखोरी, घरेलू हिंसा, सड़क दुर्घटनाएं और स्वास्थ्य संबंधी बीमारियां शामिल हैं। उन्होंने तर्क दिया कि शराब की बिक्री से मिलने वाले राजस्व की तुलना में इसके सामाजिक नुकसान कहीं अधिक हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित