लखनऊ , फरवरी 26 -- बसपा संस्थापक कांशीराम की जयंती को 'पीडीए दिवस' के रूप में मनाने की घोषणा को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि 'पीडीए दिवस' एक नई सोच और संकल्प का प्रतीक है, जो पीडीए समाज के उन महापुरुषों को समर्पित है, जिन्होंने पीड़ित, वंचित और अपमानित लोगों के सम्मान, अधिकार और बराबरी के लिए जीवनभर संघर्ष किया और कभी भी वर्चस्ववादी ताकतों के साथ समझौता नहीं किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए समाज इस फैसले से उत्साहित है, क्योंकि इससे कांशीराम सहित अनेक महापुरुषों के मिशन को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता को नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने संकेत देते हुए कहा कि कई लोग परिस्थितियों के कारण खुलकर अपनी बात नहीं रख पा रहे हैं और उन्हें अपनी वास्तविक सोच के विपरीत बातें कहनी पड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि जरूरी नहीं कि जो लिखा जाए, वह पूरी तरह लिखने वाले की ही भावना को दर्शाता हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित