लखनऊ , अक्टूबर 10 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी संस्थापक एवं पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव (नेताजी) की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि नेताजी (मुलायम) का जीवन समाजवादी सिद्धांतों के प्रति समर्पण की सबसे बहुमूल्य धरोहर है। उनके विचार और उनका जीवन हम सभी को सदैव प्रेरणा देते रहेंगे।
श्री यादव ने शनिवार को 'एक्स' पर जारी संदेश में कहा कि नेताजी का मानना था कि मदद ही मानवता की पहली सीढ़ी है। उन्होंने सिखाया कि जो सबसे कमजोर है, उसकी ओर मदद का हाथ बढ़ाना चाहिए और उसे अपने साथ लेकर चलना चाहिए। सपा अध्यक्ष ने कहा कि नेताजी ने समाज को केवल भेदभाव मिटाने का ही नहीं, बल्कि मन में मौजूद भेदभाव की भावना को भी समाप्त करने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि कागजों पर समानता लिख देने भर से वास्तविक बदलाव नहीं आएगा। जब तक लोगों के बीच मनमुटाव खत्म नहीं होगा, तब तक सच्चा सामाजिक परिवर्तन संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि जब तक समाज में लोग पीड़ित, दुखी और अपमानित हैं, तब तक सभी को संघर्ष जारी रखना होगा।
अखिलेश ने कहा कि आज पीड़ित और वंचित लोगों को एक सूत्र में जोड़ने के लिए समाजवादी पार्टी जिस 'पीडीए' के विचार को आगे बढ़ा रही है, उसकी बुनियाद प्रेम, दया और अपनापन है। नेताजी अपने जीवन में इन मूल्यों के जीवंत उदाहरण रहे। उन्होने कहा कि नेताजी पीडीए के प्रकाशस्तंभ बनकर हमेशा रास्ता दिखाते रहेंगे। उनकी हर स्मृति एक नई प्रेरणा देती है। उन्होंने नेताजी को एक बार फिर कोटि-कोटि नमन करते हुए उनके विचारों और सामाजिक न्याय के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित