चंडीगढ़ , अगस्त 05 -- पंजाब के लुधियाना जिले के गांव रामगढ़ भुल्लर निवासी कुलवंत कौर ने पुलिस अधिकारियों से अपने सगे भाइयों और भतीजों पर ब्लैकमेलिंग धमकाने, मारपीट, संपत्ति पर कब्जा करने की साजिश और झूठे मामलों में फंसाने के गंभीर आरोप लगाए।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में घर में काम करने आए एक बढ़ई ने कथित रूप से बाथरूम में छिपे कैमरे लगाकर उनकी और उनकी बेटियों की आपत्तिजनक वीडियो बना लीं और बाद में ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इस मामले में जगराओं सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज होने की बात भी कही गयी।

सुश्री कौर ने प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि बाद में वीडियो वायरल कर उन्हें बदनाम किया गया। इसके बाद उन्होंने अपने भाई जसविंदर सिंह ढालीवाल के साथ साझेदारी में कपड़ों का शोरूम शुरू किया लेकिन दिसंबर 2025 से उनके परिजनों की नीयत बदल गई और उनके साथ कथित तौर पर अपहरण, मारपीट तथा मोबाइल छीनने जैसी घटनाएं हुईं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन पर भाई के खिलाफ बयान देने का दबाव भी बनाया।

उन्होंने दावा किया कि जनवरी और फरवरी 2026 में शोरूम, घर और कार्यालय में तोड़फोड़ एवं लूटपाट की गई, सीसीटीवी डीवीआर निकाल लिया गया तथा उनकी हिस्सेदारी की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया गया। उनका यह भी आरोप है कि मदद के नाम पर कुछ लोगों ने उनके गहने, नकदी और दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर उनका दुरुपयोग किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित