नयी दिल्ली , अप्रैल 04 -- सनराइज़र्स हैदराबाद (एसआरएच) के नियमित कप्तान पैट कमिंस अपनी पीठ की चोट के अंतिम स्कैन के लिए ऑस्ट्रेलिया लौट गए हैं। पिछले साल जुलाई से ही मैदान से दूर चल रहे कमिंस इस बीच केवल एक एशेज टेस्ट खेल पाए थे। अब आईपीएल 2026 के बीच में ही वह अपनी इंजरी का अपडेट लेने के लिए टीम कैंप छोड़कर ऑस्ट्रेलिया रवाना हो गए हैं। ईएसपीएन क्रिकइंफो की जानकारी के अनुसार, यह स्कैन पहले से ही तय था और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) की देखरेख में किया जाएगा। गुरुवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के ख़िलाफ मैच खत्म होने के बाद कमिंस भारत से रवाना हुए। अगर रिपोर्ट सही आती है और बोर्ड से मंज़ूरी मिलती है, तो उनके 17 अप्रैल तक वापस टीम से जुड़ने की संभावना है।
यह पूरी कवायद टीम की पुरानी योजना का हिस्सा है। कमिंस ने आईपीएल शुरू होने से पहले ही साफ़ कर दिया था कि, "अगर स्थिति अनुकूल रही, तो मैं टूर्नामेंट के दूसरे हाफ और नॉकआउट मुक़ाबलों (यदि एसआरएच पहुंचती है) में खेलता नज़र आऊंगा।" वह टूर्नामेंट के आगाज से ही टीम के साथ थे और नेट सत्र में गेंदबाज़ी का अभ्यास भी कर रहे थे। हैदराबाद ने अपना पहला मैच 28 मार्च को बेंगलुरु में आरसीबी के ख़िलाफ़ खेला था।
कमिंस की ग़ैर-मौजूदगी में इशान किशन ही टीम की कमान संभालना जारी रखेंगे। उन्हें कप्तान तब नियुक्त किया गया था, जब यह साफ़ हो गया था कि पैट शुरुआती मैचों के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।
कमिंस आख़िरी बार पिछले साल दिसंबर में तीसरे एशेज टेस्ट में एक्शन में दिखे थे। जुलाई में पहली बार उनकी पीठ में तकलीफ शुरू हुई थी। हालांकि, उन्होंने इस साल टी20 विश्व कप खेलने की उम्मीद जताई थी, लेकिन रिकवरी के दौरान एक "मामूली झटके" की वजह से उन्हें बाहर बैठना पड़ा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित