तिरुवनंतपुरम , अप्रैल 06 -- केरल में कट्टक्कड़ा से भाजपा-नीत राजग के उम्मीदवार पीके कृष्णदास ने अपने "लव जिहाद" संबंधी बयान का बचाव करते हुए कहा है कि वह अपने कथन पर कायम हैं और आवश्यकता पड़ने पर चुनाव आयोग के समक्ष कानूनी रूप से जवाब देंगे।
उन्होंने सोमवार को एक पत्रकार वार्ता में कहा कि "लव जिहाद एक वास्तविकता है।" उन्होंने आरोप लगाया कि इसके पीछे कट्टरपंथी तत्व सक्रिय हैं। उनके अनुसार ऐसे तत्व संगठित गतिविधियों में शामिल हैं और समाज के लिए खतरा हैं।
यह बयान उस चुनावी सभा से जुड़ा है, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद थे। उस दौरान कृष्णदास ने आरोप लगाया था कि यदि केरल में एलडीएफ या यूडीएफ सत्ता में आती है तो शासन पर कुछ संगठनों का प्रभाव होगा। शिकायतों के बाद चुनाव आयोग ने जिला कलेक्टर से इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और आगे की कार्रवाई के लिए कानूनी विकल्पों पर विचार किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित