नयी दिल्ली , जुलाई 07 -- गृह मंत्रालय ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष के पद पर नियुक्ति के एक महीने के भीतर वापस बुलाये गये भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी प्रशांत सीताराम लोखंडे को जनसांख्यिकी परिवर्तन हेतु उच्च स्तरीय समिति (एचएलसीडीसी) में सदस्य सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गयी है।
गृह मंत्रालय द्वारा मंगलवार को जारी अधिसूचना के माध्यम से 26 मई को गठित समिति की संरचना में बदलाव किया गया है। समिति में सदस्य सचिव के तौर पर पहले गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव (विदेश-1) को रखा गया था। इस समिति के अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति प्रकाश प्रभाकर नोवलेकर हैं।
सीबीएसई की बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के लिए अपनायी गयी ओएसएम (ऑन स्क्रीन मार्किंग) प्रणाली को लेकर उठे विवाद के बाद पिछले महीने तत्कालीन अध्यक्ष राहुल सिंह की जगह एगमट कैडर के 2001 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी श्री लोखंडे को सीबीएसई अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। लेकिन 02 जुलाई को गृह मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव के पद पर उनका तबादला कर दिया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित