वाराणसी , मार्च 22 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र स्थित भुल्लनपुर हरिहरपुर इलाके में शनिवार शाम एक चौंकाने वाली घटना में प्रोविंशियल आर्म्ड कांस्टेबुलरी (पीएसी) के एक जवान ने सब्जी विक्रेता दंपति पर लोहे की रॉड से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने आरोपी जवान की भी जमकर पिटाई कर दी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, महाराजगंज जिले के औराई थाना क्षेत्र निवासी राधेश्याम और उनकी पत्नी गीता देवी उद्देश्यनगर में किराए पर रहकर भुल्लनपुर हरिहरपुर में सब्जी बेचते हैं। शनिवार शाम पीएसी जवान आशुतोष कुमार सिंह सब्जी खरीदने उनकी दुकान पर पहुंचा, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

उन्होने बताया कि कुछ देर बाद आशुतोष कुमार सिंह रॉड लेकर वापस लौटा और दंपति पर हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दंपति को लहूलुहान देख आसपास के लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने जवान को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी।

आरोपी जवान 34वीं वाहिनी पीएसी, भुल्लनपुर में वर्ष 2021 बैच का आरक्षी बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित