जालंधर , सितंबर 25 -- पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) ने पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को समय पर वित्तीय लाभ उपलब्ध कराने के लिए पेंशन रिकॉर्ड दुरुस्त करने की प्रक्रिया शुरू की है। इसके तहत 2,109 पेंशनरों की मृत्यु की तारीख और 876 पारिवारिक पेंशनरों की जन्मतिथि रिकॉर्ड में अपडेट की जाएगी।
पीएसपीसीएल के वितरण नॉर्थ जोन, जालंधर के मुख्य अभियंता इंजीनियर सरबजीत सिंह ने शुक्रवार को बताया कि निगमने सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (डीडीओ) को पेंशन पैकेज में आवश्यक रिकॉर्ड अपडेट करने के निर्देश दिये हैं।उन्होंने बताया कि पीएसपीसीएल के सीएमडी गुरकीरत किरपाल सिंह और पीएसईबी ज्वाइंट फोरम तथा बिजली मुलाजिम एकता मंच पंजाब के प्रतिनिधियों के बीच बैठक में यह मामला सामने आया था। बैठक में बताया गया कि कुछ पेंशनरों की मृत्यु की तारीख और कुछ पारिवारिक पेंशनरों की जन्मतिथि पेंशन पैकेज में दर्ज नहीं थी। इसके कारण वृद्धावस्था भत्ता और एलटीसी सहित अन्य वित्तीय लाभ प्राप्त करने में कठिनाइयां आ रही थीं।
रिकॉर्ड के सत्यापन के दौरान 2,109 पेंशनरों की मृत्यु की तारीख तथा 876 पारिवारिक पेंशनरों की जन्मतिथि अपडेट नहीं होने की पुष्टि हुई।मामले को गंभीरता से लेते हुए पीएसपीसीएल के सीएमडी ने संबंधित डीडीओ को 15 दिनों के भीतर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिये हैं, ताकि पात्र पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को उनके देय वित्तीय लाभ बिना अनावश्यक देरी के मिल सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित