श्रीनगर , अक्टूबर 02 -- जम्मू कश्मीर पुलिस ने व्यक्तिगत सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) से मारपीट की शिकायत के बाद सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस विधायक अल्ताफ अहमद वानी उर्फ कालू के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
दक्षिण कश्मीर के पहलगाम विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले श्री वानी ने इन आरोपों का खंडन किया है। उन्होंने दावा किया कि यह मामला पीएसओ के कई दिनों से ड्यूटी से गायब रहने पर वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों से की गयी उनकी शिकायत के कारण सामने आया है।
शिकायत के अनुसार, गुरुवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि के दौरान अनंतनाग के खानाबल स्थित सरकारी हाउसिंग कॉलोनी में पहलगाम विधायक के आवासीय क्वार्टर में मारपीट की बात सामने आयी है। वर्तमान में सुरक्षा लाइन श्रीनगर में तैनात और विधायक के साथ पीएसओ ड्यूटी पर तैनात शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उक्त परिसर में उसके साथ मारपीट की गयी।
घटना के बाद पीएसओ ने पुलिस से संपर्क कर मामला दर्ज करने के लिए लिखित शिकायत सौंपी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं श्री वानी ने आरोपों को खारिज किया। घटना के बारे में बात करते हुए विधायक ने कहा कि उन्होंने गुरुवार को एसएसपी (सुरक्षा) को सूचित किया था कि पीएसओ ड्यूटी से अनुपस्थित था। उन्होंने बताया कि उनसे कांस्टेबल का बेल्ट नंबर मांगा गया था, जिसे उन्होंने अधिकारियों से साझा कर दिया था। उन्होंने कहा कि जब वह शाम को अनंतनाग की खानाबल हाउसिंग कॉलोनी लौटे तो उन्होंने कांस्टेबल को सादे कपड़ों में पाया। उनका कहना था कि कांस्टेबल ने अनुपस्थिति की रिपोर्ट को लेकर उनसे सवाल-जवाब करना शुरू कर दिया।
विधायक ने आरोप लगाया कि कहासुनी के दौरान पीएसओ ने उनका गला पकड़ लिया, जिसके बाद अन्य सुरक्षाकर्मियों को बीच-बचाव करना पड़ा। उन्होंने कहा कि इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों को सूचित किया और पुलिस को बुलाया। उन्होंने बताया कि डीएसपी (सुरक्षा) सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बाद में मौके पर पहुंचे और वहां मौजूद लोगों के बयान दर्ज किये। उन्होंने यह भी दावा किया कि घटना के बाद पीएसओ की एके-47 राइफल और दो मैगजीन पुलिस अधिकारियों को सौंप दी गयीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित