चंडीगढ़ , मई 11 -- पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) ने सोमवार को 10वीं कक्षा का परिणाम घोषित कर दिया और इस बार भी छात्राएं आगे रही।

बोर्ड चेयरमैन डॉ. अमरपाल सिंह ने बताया कि इस वर्ष कुल 2,69,505 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 2,54,744 छात्र सफल रहे। इस तरह कुल परिणाम 94.52 प्रतिशत दर्ज किया गया। पिछले साल पीएसईबी कक्षा 10वीं का परिणाम 16 मई को आया था जिसमें कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 95.61 प्रतिशत रहा था। छात्राओं का पास प्रतिशत 95.96 रहा, जबकि छात्रों का परिणाम 93.23 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं ट्रांसजेंडर वर्ग के सभी छह विद्यार्थी परीक्षा में सफल रहे और उनका परिणाम 100 प्रतिशत रहा।

जिला स्तर पर अमृतसर ने पूरे पंजाब में पहला स्थान हासिल किया, जहां परिणाम 98.41 प्रतिशत रहा। फिरोजपुर 98.39 प्रतिशत के साथ दूसरे और पठानकोट 97.99 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहा। वहीं लुधियाना जिला सबसे पीछे रहा, जहां परिणाम 89.20 प्रतिशत दर्ज किया गया।

राज्य में फरीदकोट की छात्रा हरलीन शर्मा ने टॉप किया है। सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल जैतो की छात्रा हरलीन ने 650 में से पूरे 650 अंक हासिल किए। रूपनगर के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल चनौली बस्सी के छात्र मनिमहेश शर्मा ने 645 अंक लेकर दूसरा स्थान प्राप्त किया। होशियारपुर के श्री गुरु हरकिशन पब्लिक स्कूल की छात्रा रिया रानी ने भी 645 अंक लेकर तीसरा स्थान हासिल किया। मेरिट सूची में कुल 272 विद्यार्थी शामिल हुए हैं, जिनमें 220 लड़कियां और 52 लड़के हैं। बोर्ड के अनुसार 13,126 विद्यार्थियों को री-अपीयर श्रेणी में रखा गया है, जबकि 1,593 छात्र अनुत्तीर्ण रहे। 42 विद्यार्थियों के परिणाम फिलहाल रोक दिए गए हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों का प्रदर्शन शहरी क्षेत्रों से बेहतर रहा। ग्रामीण क्षेत्रों का पास प्रतिशत 95.35 रहा जहां कुल 1,74,958 उपस्थित छात्रों में से 1,66,830 छात्र पास हुए, जबकि शहरी क्षेत्रों का परिणाम 92.98 प्रतिशत दर्ज किया गया। स्कूल श्रेणी में सहायता प्राप्त स्कूलों का परिणाम सबसे बेहतर 62.54 प्रतिशत रहा। सरकारी स्कूलों का परिणाम 59.46 प्रतिशत और निजी स्कूलों का 57.71 प्रतिशत दर्ज किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित