गोरखपुर , फरवरी 09 -- आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अपना खुद का पक्का आवास बनवाना बड़ी चुनौती होती है।पर डबल इंजन सरकार में प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना इस चुनौती को दूर करने के लिए बड़े काम की साबित हुई है।
गरीबों के आशियाने का सपना पीएम.सीएम आवास योजना से पूरा हो रहा है। अकेले उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्र में पीएम आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत 61528 जरूरतमंदों के मकान बने हैं। इसी तरह 2653 गरीब ग्रामीणों मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है जबकि 215 लाभार्थियों के मकान निर्माणाधीन हैं।
गोरखपुर के जिलाधिकारी दीपक मीणा बताते हैं कि वर्ष 2016.17 से लेकर वर्ष 2024.25 तक गोरखपुर में पीएम आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत 61598 गरीबों के पक्के मकान बनाने का लक्ष्य तय किया गया। इसमें से 61528 मकान का निर्माण पूरा भी कर लिया गया और जरूरतमंद परिवार अपने खुद के पक्के आवास में व्यवस्थित होकर मौसम की मार से बचने में समर्थ हो गए। उन्होंने कहा कि पीएम आवास योजना में लक्ष्य के सापेक्ष सिर्फ 70 आवास नहीं बन सके। इनमें से प्रक्रियात्मक कारणों से 49 मकान बन नहीं सकते जबकि 20 ब्लॉकों में एक.एक डेमो आवास निर्माणाधीन हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित