रायपुर , जनवरी 14 -- प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को आम नागरिकों तक पहुँचाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज लिमिटेड के अंतर्गत रायपुर जिले के सिलतरा संचारण एवं संधारण संभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता एवं पंजीयन शिविरों का आयोजन 16 जनवरी से किया जा रहा है।

इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण उपभोक्ताओं को अपने घरों की छत पर सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कर मुफ्त बिजली प्राप्त करने तथा शासन द्वारा दी जा रही सब्सिडी की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। अधिकृत सोलर एजेंसियां शिविरों में उपस्थित रहकर योजना की प्रक्रिया समझाएंगी तथा मौके पर ही ऑनलाइन पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्य अभियंता संजीव सिंह ने बुधवार को बताया कि सिलतरा संचारण एवं संधारण संभाग के अंतर्गत 16 जनवरी को सिलतरा, 20 जनवरी को अकोली, 22 जनवरी को कन्हेरा, 23 जनवरी को बहेसर, 27 जनवरी को गिरौद, 29 जनवरी को धनेली, 30 जनवरी को गिधौरी एवं तीन फरवरी को निमोरा ग्राम पंचायत में पीएम सूर्यघर योजना के तहत जागरूकता एवं पंजीयन शिविर आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के अंतर्गत केंद्र सरकार द्वारा 70 हजार रुपए की सब्सिडी दी जा रही है, वहीं छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा अतिरिक्त 30 हजार रुपए की सहायता प्रदान की जा रही है। इससे आम नागरिकों को सोलर सिस्टम लगाने में न्यूनतम खर्च आता है और बिजली बिल शून्य तक हो सकता है।

उन्होंने ग्रामीण उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों में अपने ग्राम पंचायत में आयोजित शिविरों में पहुँचकर योजना की जानकारी प्राप्त करें तथा स्वच्छ, सस्ती और नवीकरणीय सौर ऊर्जा का लाभ उठाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित