बीजापुर , मार्च 23 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर से पीएम श्री योजना के अंतर्गत चयनित विद्यालयों के मेधावी छात्रों और उत्कृष्ट शिक्षकों को शैक्षणिक भ्रमण पर अहमदाबाद (गुजरात) स्थित स्पेस एप्लीकेशन सेंटर भेजा गया। जिला कलेक्टर संबित मिश्रा और जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम्रता चौबे ने हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया।
जिला पीआरओ से सोमवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में संचालित पांच पीएम श्री विद्यालयों से चयनित मेधावी छात्रों तथा उत्कृष्ट शिक्षकों को इस एक्सपोजर विजिट के लिए चुना गया है। भ्रमण का उद्देश्य छात्रों को विज्ञान, अंतरिक्ष अनुसंधान और आधुनिक तकनीकी विकास के बारे में प्रत्यक्ष जानकारी प्रदान करना है, ताकि उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित हो सके और वे उच्च शिक्षा तथा अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित हों।
कार्यक्रम जिला कलेक्टर संबित मिश्रा के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों ने छात्रों से संवाद करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञान और अनुभव को व्यापक बनाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भ्रमण के दौरान अधिक से अधिक जानकारी प्राप्त करने और अपने अनुभव को अन्य छात्रों के साथ साझा करने की सलाह दी।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला शिक्षा अधिकारी लखनलाल धनेलिया तथा जिला मिशन समन्वयक गुडला शंकर भवानी का विशेष मार्गदर्शन रहा। उन्होंने बताया कि पीएम श्री योजना के अंतर्गत विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने और छात्रों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। एक्सपोजर विजिट भी उसी कड़ी का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित