चंडीगढ़ , जून 19 -- महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2026 के लिए 31 जुलाई तक नामांकन आमंत्रित किए हैं। यह पुरस्कार बहादुरी, खेलकूद, सामाजिक विज्ञान, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पर्यावरण, कला एवं संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धि हासिल करने वाले 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को प्रदान किया जाएगा।
सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, चयनित बच्चों को जनवरी 2026 में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कारों की घोषणा 26 दिसंबर को राष्ट्रीय वीर बाल दिवस के अवसर पर की जाएगी।
राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के तहत कुल 25 बच्चों का चयन किया जाएगा। विजेताओं को पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। चयन प्रक्रिया में पहले स्क्रीनिंग कमेटी आवेदनों की जांच करेगी, जिसके बाद राष्ट्रीय चयन समिति अंतिम नामों का चयन करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित