जौनपुर , अक्टूबर 31 -- केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने शनिवार को कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज पूरे विश्व में भारत का मान सम्मान बढ़ा है। केंद्र सरकार की जनकल्याण कारी और उत्कृष्ट नीतियों से देश दिन प्रतिदिन उन्नति की ओर बढ़ रहा है।

सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र के शुभम पैलेस में भाजपा नेता अजय शंकर दूबे द्वारा आयोजित समारोह में शनिवार को अपराह्न संबोधित करते हुए बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री ग्रामीण विकास कमलेश पासवान ने स्वजातीय मतदाताओं को साधते हुए कहा पासी समाज के बहुत से महापुरुषों ने राष्ट्र के लिए बलिदान दिया। हमारे महापुरुष सदैव राष्ट्र के उत्थान एकजुटता के लिए संघर्षरत रहे। भाजपा उन महापुरूषों की मंशा के अनुरूप राष्ट्रहित सर्वोपरि मानकर काम कर रही है। इसलिए हम सबको मिलकर भाजपा को मजबूत करना चाहिए। सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी समाज को आगे बढ़ाने के लिए कृत संकल्पित है और तमाम कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दे रही है।

पूर्व सांसद मछली शहर वीपी सरोज ने कहा भाजपा जातिवाद क्षेत्रवाद व धर्म के आधार पर समाज का बंटवारा नहीं करती है वह बिना किसी भेदभाव के सभी जाति-धर्म के पात्र लाभार्थियों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दे रही है।पासी समाज के लोगों ने आजादी की लड़ाई बहुत वीरता के साथ लड़ी थी।उन अमर बलिदानियों के सपनों को भाजपा साकार कर रही है।हम सबको मिलकर भाजपा को मजबूत करना है।

कार्यक्रम के आरंभ में लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।चेयरमैन कपिल मुनि,केराकत के पूर्व विधायक गुलाब सरोज, सहित सभी वक्ताओं ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व व कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा सरकार की उपलब्धियां गिनाई।इस अवसर पर सुशील मिश्र, संतोष मिश्रा, संतोष तिवारी,जय प्रकाश तिवारी,मेवालाल सरोज, रामबली मिश्र आदि लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम के आयोजक अजय शंकर दूबे अज्जू भैया ने आगंतुकों अतिथियों के प्रति आभार ज्ञापित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित