नयी दिल्ली , सितंबर 17 -- केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर यहां पूसा परिसर में 'विकसित भारत-जी राम जी' (वीबी-जीरामजी) योजना पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए योजना में किसी भी प्रकार की अनियमितता और फर्जीवाड़े पर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी।

कार्यशाला में राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के अधिकारियों और पंचायती राज प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए श्री चौहान ने कहा कि इस योजना में पारदर्शिता सबसे पहले है और फर्जीवाड़ा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों की 'औचक जांच' करने और अनियमितता मिलने पर तत्काल सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उन्होंनें सरपंचों और विभागीय अधिकारियों के साथ पौधरोपण भी किया। प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए श्री चौहान ने कहा कि राष्ट्रसेवा ही श्री मोदी के जीवन का मूल मंत्र है। लगातार 25 वर्षों तक शासनाध्यक्ष के रूप में उनकी जनसेवा की यात्रा भारतीय लोकतंत्र में उल्लेखनीय है और उनके नेतृत्व में एक समृद्ध व आत्मनिर्भर भारत का निर्माण हो रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित