प्रयागराज , अक्टूबर 07 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रशासक के रूप में 25 साल का कार्यकाल पूरा होने पर देशभर में विकसित भारत संकल्प सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। श्री मोदी के जन्मदिन पर शुरू किए गए सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा ज्योति यात्राएं भी निकाली जा रही हैं। संगम नगरी प्रयागराज में आयोजित हुए कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शिरकत की। सिविल लाइंस के सुभाष चौराहे पर आयोजित हुए कार्यक्रम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ पीएम मोदी का संबोधन सुना। इसके बाद उन्होंने दीप ज्योति जलाकर श्री मोदी के स्वस्थ्य और दीर्घायु होने की कामना की। श्री मौर्य खुद अपने सिर पर दीप ज्योति लेकर सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा तक पहुंचे। इस मौके पर उन्होने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधान मंत्री के रूप में श्री मोदी का 25 वर्ष का सफलतम कार्यकाल रहा है।

उन्होंने कहा कि दुनिया का कोई शासक इतना सफल नहीं रहा होगा। जितना कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। उन्होंने पीएम मोदी के प्रशासक के रूप में 25 साल पूरे होने पर प्रयागराजवासियों, प्रदेशवासियों और अपनी ओर से शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा है कि हमें गर्व है कि हम उस समय राजनीति के क्षेत्र में काम कर रहे हैं, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत का लक्ष्य तय किया है।

इस मौके पर डिप्टी सीएम ने कहा कि मैं कहता हूं कि तुम विश्वास करो, पीएम मोदी नवयुग के निर्माता है, क्योंकि ऐसे नेता धरती पर एक बार ही आते हैं। उन्होंने कहा है कि पीएम मोदी का एक ही मंत्र है कि 2047 तक भारत विकसित और आत्मनिर्भर बने। दुनिया भर में भारत का मान और सम्मान बढे। उन्होंने अपील की है कि पीएम मोदी के इस संकल्प को पूरा करने के लिए हर एक देशवासी को अपना योगदान देने की जरूरत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित