लखनऊ , जून 3 -- उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी टेक्सटाइल एवं औद्योगिक केंद्र बनाने की दिशा में विकसित किए जा रहे पीएम मित्र मेगा टेक्सटाइल पार्क की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रदेश के हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग, रेशम तथा खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मंत्री सचान ने मंगलवार को लखनऊ और हरदोई की सीमा पर लगभग 1000 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल, प्रवेश द्वार, विद्युत उपकेंद्र, आंतरिक आधारभूत संरचना तथा अन्य विकास कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने परियोजना से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ कार्यों की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जल निगम, वन विभाग, यूपीएसआईसी तथा हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग के अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यों की स्थिति से अवगत कराया।
मंत्री ने सड़क निर्माण और संपर्क मार्गों के विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि जहां बाउंड्री वॉल के कारण आवागमन संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं, वहां सर्वेक्षण कर आवश्यक मार्गों को सड़क निर्माण योजना में शामिल किया जाए। उन्होंने जल निकासी व्यवस्था के लिए नाला निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने अटारी फार्म रोड के सुदृढ़ीकरण तथा निर्माणाधीन छह लेन सड़क को पार्क के मुख्य द्वार से लखनऊ दिशा की ओर प्राथमिकता के आधार पर विकसित करने को कहा। साथ ही यूपीएसआईसी को कटान किए गए वृक्षों के अवशेषों की जड़ सहित सफाई शीघ्र पूरी कराने तथा हथकरघा विभाग को झाड़-झंखाड़ हटाने का कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
मंत्री सचान ने विद्युत उपकेंद्र की स्थापना, औद्योगिक जलापूर्ति तथा अन्य आधारभूत ढांचा संबंधी कार्यों को मिशन मोड में पूरा करने पर जोर देते हुए सभी विभागों को निर्धारित समयसीमा से पहले कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य दिया।
उन्होंने कहा कि पीएम मित्र मेगा टेक्सटाइल पार्क प्रदेश की औद्योगिक प्रगति का नया आधार बनेगा। यह परियोजना बड़े निवेश को आकर्षित करने के साथ हजारों युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि सभी विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से समयबद्ध रूप से पूरे किए जाएं, ताकि यह महत्वाकांक्षी परियोजना शीघ्र धरातल पर आकार ले सके।
बैठक में विशेष सचिव हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग शेषमणि पाण्डेय, उप आयुक्त निबंधक डॉ. उत्तीर्ण वीर सिंह, सहायक आयुक्त सिद्धार्थ सिंह, विद्युत विभाग के एसडीओ रजत, जल निगम के अधिशासी अभियंता एस.पी. सरोज, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार तथा यूपीएसआईसी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित