धार , जून 05 -- मध्यप्रदेश में धार संसदीय क्षेत्र की सांसद सावित्री ठाकुर ने बदनावर में स्थापित किए जा रहे पीएम मित्र पार्क को शीघ्र रेलवे नेटवर्क से जोड़ने की मांग करते हुए क्षेत्र से जुड़े विभिन्न रेल विकास कार्यों को गति देने का आग्रह किया है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार रतलाम में पश्चिम रेलवे द्वारा आयोजित सांसदों की समीक्षा बैठक में सांसद श्रीमती ठाकुर ने धार-महू संसदीय क्षेत्र की रेल परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं और निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा की। बैठक में पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक एवं वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष क्षेत्र की आवश्यकताओं से जुड़े मुद्दे उठाए गए।

उन्होंने कहा कि बदनावर क्षेत्र में विकसित हो रहा पीएम मित्र पार्क औद्योगिक विकास, निवेश संवर्धन और रोजगार सृजन की दृष्टि से महत्वपूर्ण परियोजना है। इसे रेलवे नेटवर्क से जोड़ने के लिए सर्वे और प्रस्तावित रेल लिंक के कार्यों में तेजी लाई जानी चाहिए।

बैठक में सांसद ने इंदौर-धार रेल परियोजना, निर्माणाधीन रेलवे सुरंगों, ओवरब्रिज और अंडरब्रिजों की प्रगति की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने परियोजनाओं में हो रहे विलंब के कारणों पर चर्चा करते हुए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया। साथ ही भूमि अधिग्रहण से प्रभावित किसानों को समयबद्ध और उचित मुआवजा दिए जाने का मुद्दा भी उठाया। सांसद ने निर्माणाधीन रेल पुलों और ओवरब्रिजों के समीप खराब सर्विस रोड, वर्षा ऋतु में जलभराव तथा यातायात प्रबंधन संबंधी समस्याओं की ओर भी अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया।

उन्होंने रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता, पेयजल, प्रतीक्षालय, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और दिव्यांगजन सुविधाओं की समीक्षा करते हुए बदनावर में रेलवे टिकट आरक्षण केंद्र शुरू करने की मांग भी रखी। बैठक में नई रेल सेवाओं, ट्रेनों के ठहराव, माल परिवहन सुविधाओं के विस्तार और प्रस्तावित रेल परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई। बैठक में पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक, डीआरएम आश्विनी कुमार सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न सांसद उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित