लखनऊ , अगस्त 22 -- विद्यालयों में बच्चों के लिए प्रतिदिन भोजन तैयार कर उनके पोषण और स्वास्थ्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पीएम पोषण योजना के रसोइयों को योगी सरकार सम्मान के साथ सुविधाएं भी देने जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 23 अगस्त को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर सभागार में आयोजित विशेष समारोह में 11 रसोइयों को मंच पर सम्मानित करेंगे। इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से करीब 1500 रसोइये शामिल होंगे। राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ ही रविवार को सभी जनपदों और तहसील स्तर पर भी रसोइया सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। इनमें सांसद, मंत्री, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष समेत अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। शासन ने जिला प्रशासन को उपलब्ध सभागारों में कार्यक्रम आयोजित कर रसोइयों के सम्मान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

कार्यक्रम में रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जा रही है। इसके अलावा भोजन तैयार करने के दौरान स्वच्छता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें हेड कवर, ग्लव्स और एप्रन की किट उपलब्ध कराने की तैयारी है। बैंक और यूपीआई क्यूआर कोड से संबंधित व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी।

पीएम पोषण योजना के अंतर्गत राजकीय, परिषदीय और अशासकीय सहायता प्राप्त प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों की कार्यक्रम में सहभागिता होगी। महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों को आयोजन की तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने को कहा गया है।

राज्य स्तरीय समारोह में पीएम पोषण योजना की उपलब्धियों और रसोइयों के योगदान पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की जाएगी। योजना की उपलब्धियों को बुकलेट, पोस्टर और फ्लेक्स के माध्यम से भी सामने रखा जाएगा। इसके जरिए बच्चों के पोषण में रसोइयों की भूमिका को सार्वजनिक पहचान देने का प्रयास किया जाएगा।

बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि पीएम पोषण रसोइये बच्चों के पोषण और स्वस्थ भविष्य की आधारशिला हैं। मुख्यमंत्री के हाथों 11 रसोइयों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि योगी सरकार रसोइयों के सम्मान, सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित