वाराणसी , सितंबर 23 -- जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बुधवार को पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना के तहत लाभार्थी बालिका शिवानी को 23 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर 10 लाख रुपये का चेक प्रदान किया और उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उल्लेखनीय है कि पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना के तहत आच्छादित बच्चों के वैधानिक अभिभावक के रूप में जिलाधिकारी को नामित किया गया है। इसी दायित्व का निर्वहन करते हुए श्री कुमार ने शिवानी को चेक सौंपते हुए उन्हें आगे की पढ़ाई जारी रखने तथा जीवन में सफलता हासिल कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर शिवानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस वित्तीय सहायता से उन्हें अपनी शिक्षा पूरी करने और आत्मनिर्भर बनने में काफी संबल मिला है। कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज कुमार मिश्र भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित