रूद्रपुर , अक्टूबर 30 -- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त शुक्रवार को जारी कर दी गई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से डीबीटी के माध्यम से यह किस्त जारी की। इस मौके पर ऊधम सिंह नगर जिला में भी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विभिन्न न्याय पंचायतों, विकासखंडों और जिला मुख्यालय स्थित विकास भवन में देखा गया।
मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीकेएस यादव ने बताया कि योजना के तहत जिले में कुल 80,511 किसान पंजीकृत हैं। 24वीं किस्त के रूप में 73,837 पात्र किसानों के बैंक खातों में कुल 14,76,74,000 रुपये की धनराशि भेजी गई है।
मुख्य कृषि अधिकारी ने सभी लाभार्थी किसानों से अपने बैंक खाते की जांच कर धनराशि की पुष्टि करने की अपील की है। जिस पात्र किसान के खाते में किस्त नहीं पहुंची है, वह अपने नजदीकी कृषि विभाग कार्यालय में संपर्क कर जानकारी ले सकता है।
डॉ. यादव ने बताया कि आगे की किस्तों का लाभ सुचारू रूप से पाने के लिए सभी किसानों का फार्मर रजिस्ट्री में पंजीकरण कराना जरूरी है। उन्होंने किसानों से इसे जल्द पूरा कराने की अपील की।
फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में तेजी लाने के लिए जनपद में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत कृषि, उद्यान, रेशम, मत्स्य, गन्ना, सहकारिता, पंचायतीराज और ग्राम्य विकास विभाग के ग्राम पंचायत स्तर के अधिकारी व कर्मचारी गांव-गांव जाकर पंजीकरण कर रहे हैं। किसानों से अनुरोध किया गया है कि वे संबंधित कर्मियों को जरूरी दस्तावेज और जानकारी उपलब्ध कराकर सहयोग करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित