नयी दिल्ली , अक्टूबर 29 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा से 'प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि' (पीएम-किसान) की 24वीं किस्त के माध्यम से 9.34 करोड़ से अधिक पात्र किसान परिवारों के बैंक खातों में 18,690 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजेंगे।

इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान मध्य प्रदेश के रायसेन से आयोजित विशेष कार्यक्रम में भाग लेंगे और किसानों के साथ इस क्षण के साक्षी बनेंगे।

यहां जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया है कि इस जारी होने वाली 24वीं किस्त से पहले तक किसानों के बैंक खातों में अब तक 4.47 लाख करोड़ रूपये भेजे जा चुके हैं।

श्री चौहान ने बताया कि गुरूवार को ही श्री मोदी बनासकांठा से 'एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड' (एआईएफ) के तहत विकसित 521 अत्याधुनिक कृषि इकाइयों को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके साथ ही अधिक दामों वाली फसलों को बढ़ावा देकर किसानों की आय में वृद्धि करने के मकसद से 12 विशेष बागवानी क्लस्टरों का भी उद्घाटन किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि फसल कटाई के बाद के नुकसान को कम से कम करने और उपज का बेहतर दाम दिलाने के लिए एआईएफ के जरिए अब तक 2.28 लाख से अधिक परियोजनाओं में लगभग 1.75 लाख करोड़ रूपये का निवेश हुआ है। आधुनिक वेयरहाउस, कोल्ड स्टोरेज, प्राथमिक प्रसंस्करण केंद्र और आपूर्ति श्रृंखलाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति दे रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित