सक्ती , अगस्त 13 -- छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले की ग्राम पंचायत रगजा में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत आवास पंजीयन में कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने इस संबंध में गुरुवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायत में एक ही परिवार के पति-पत्नी के नाम पर अलग-अलग आवास का पंजीयन किया गया है। ज्ञापन में इस तरह के छह मामलों का उल्लेख करते हुए इनके सत्यापन की मांग की गई है।

शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर ग्रामीणों से दो से तीन हजार रुपये तक मांगे गए। इसके साथ ही सरपंच और सचिव की कथित मिलीभगत से नियमों के विपरीत अपात्र लोगों के नाम योजना में जोड़े जाने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे कई पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित रह गए।

ग्रामीणों ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जांच में फर्जी पाए जाने वाले पंजीयन निरस्त करने तथा अनियमितता में संलिप्त पाए जाने वाले पंचायत प्रतिनिधियों और जिम्मेदारों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित