रायपुर , सितंबर 11 -- छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की बहस की चुनौती स्वीकार करते हुए शुक्रवार को कहा कि स्थान और समय निर्धारित कर पूरी मीडिया को बुलाया जाए, वह चर्चा के लिए तैयार हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने आज पत्रकारों से कहा, "मैंने तो पिछले महीने ही बोला था, स्थान और समय निर्धारित कर लें, पूरी मीडिया को बुला लें। बात करने के लिए हम तैयार हैं। कांग्रेस के सभी लोग प्रेस क्लब आ जाएंगे।"उल्लेखनीय है कि उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पीएम आवास के मुद्दे पर भूपेश बघेल को बहस की चुनौती देते हुए कहा था, "प्रेस क्लब जब कहेगा, मैं वहां बहस करने के लिए तैयार हूं।" उन्होंने आंकड़े पेश करते हुए कहा था कि प्रदेश में सवा 11 लाख से अधिक पीएम आवास पूर्ण हो चुके हैं और आज भी करीब 2 लाख पीएम आवासों में गृहप्रवेश का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा था कि विपक्ष अपनी नाकामी छिपाने के लिए बार-बार इस तरह की बातें कह रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित