रायपुर , जनवरी 30 -- प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान हासिल किया है।

यह जानकारी शुक्रवार को विभाग ने मीडिया को दी। वर्ष 2025-26 के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति में जिले ने न केवल तेज़ी दिखाई, बल्कि निर्माण कार्य शुरू करने में भी नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

कलेक्टर के मार्गदर्शन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत के नेतृत्व में जिले ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत आवास स्वीकृति, किश्त जारी करने और निर्माण प्रारंभ करने के मामलों में राज्य के अन्य जिलों को पीछे छोड़ दिया है।

वर्ष 2025-26 में जिले में कुल 26,843 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 24,313 आवासों को प्रथम किश्त जारी की जा चुकी है, जबकि 20,480 आवासों का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। उल्लेखनीय है कि 15,120 आवास प्लिंथ स्तर तक पूर्ण हो चुके हैं, जो राज्य में सर्वाधिक है।

इसके अलावा, कुल 26,439 आवासों का भुगतान आदेश किया गया है, जिसमें से 24,313 हितग्राहियों के खातों में राशि का सफलतापूर्वक अंतरण किया गया। अब तक 139 आवास पूर्ण हो चुके हैं, जो प्रशासनिक तत्परता और ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता को दर्शाता है।

पीएम जनमन योजना अंतर्गत भी जिले ने प्राथमिकता के साथ कार्य करते हुए 25 पात्र हितग्राहियों के आवास स्वीकृत कर शत-प्रतिशत पूर्णता हासिल की है।

जल संरक्षण के क्षेत्र में भी बलौदाबाजार-भाटापारा जिले ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। जिले को जल संचयन के लिए देश में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है, जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। योजना अंतर्गत पूर्ण आवासों में अब तक 15,260 रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं का निर्माण कराया जा चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित