पटना , मई 08 -- बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पतालों में शामिल पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) में अब बुजुर्ग मरीजों के इलाज और देखभाल के लिए विशेष व्यवस्था विकसित की जा रही है। अस्पताल परिसर में जेरियाट्रिक वार्ड फेज-3 के तहत 60 बेड के अत्याधुनिक अस्पताल का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे वृद्ध मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

पीएमसीएच के जेरियाट्रिक विशेषज्ञ डॉ. अभय कुमार सिन्हा ने बताया कि 65 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए विशेष चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जेरियाट्रिक वार्ड में प्रतिदिन करीब 50 से 60 बुजुर्ग मरीजों की आउटडोर मॉनिटरिंग की जा रही है। नई व्यवस्था शुरू होने के बाद वृद्ध मरीजों के इलाज, जांच और देखभाल की सुविधाओं में और विस्तार होगा।

इस बीच, भीषण गर्मी को देखते हुए पीएमसीएच प्रशासन ने मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए अतिरिक्त इंतजाम शुरू किये हैं। अस्पताल के रजिस्ट्रेशन काउंटर और ट्रायज क्षेत्र के पास शेड लगाये जा रहे हैं, जिससे लोगों को धूप और गर्मी से राहत मिल सके।

पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. राजीव सिंह ने बताया कि गर्मी के मौसम में मरीजों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 80 लीटर क्षमता वाले पांच वाटर कूलर भी लगाये जा रहे हैं। इससे मरीजों और उनके परिजनों को पानी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।

उन्होंने बताया कि पीएमसीएच लगातार स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा बढ़ा रहा है। अप्रैल 2026 में अस्पताल में विभिन्न बीमारियों के इलाज के लिए रिकॉर्ड 5096 सफल ऑपरेशन किये गये, जबकि 1196 अल्ट्रासाउंड जांच भी करायी गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित