पटना , जून 21 -- िहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीएमएसआईसीएल) ने पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) में ऑर्थोस्कोपी सिस्टम की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है।बीएमएसआईसीएल के प्रबंधक निदेशक ने बताया कि पीएमसीएच से प्राप्त अधियाचना के आलोक में बीएमएसआईसीएल द्वारा 2 ऑर्थोस्कोपी सिस्टम की आपूर्ति के लिए दर-अनुबंधित फर्म को आपूर्ति आदेश निर्गत कर दिया गया है, इसके लिए विभाग द्वारा 53.43 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई है। आपूर्ति आदेश जारी होने के साथ ही उपकरण की आपूर्ति एवं अधिष्ठापन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है, जिसे यथाशीघ्र पूर्ण किया जाएगा।

प्रबंधक निदेशक ने बताया कि ऑर्थोस्कोपी सिस्टम की स्थापना से हड्डी एवं जोड़ संबंधी रोगों के निदान और उपचार में चिकित्सकों को अत्याधुनिक तकनीकी सहायता मिलेगी। यह उपकरण विशेष रूप से घुटना, कंधा तथा अन्य जोड़ों की जटिल समस्याओं के उपचार में उपयोगी साबित होगा। इससे मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं यथा शीघ्र पीएमसीएच में उपलब्ध होंगी।उन्होंने कहा कि बीएमएसआईसीएल राज्य के सरकारी अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि आमजन को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित