चंडीगढ़ , जून 19 -- हरियाणा के पंचकूला मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (पीएमडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के. मकरंद पांडुरंग ने शुक्रवार को पंचकूला में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उपायुक्त सतपाल शर्मा, नगर निगम आयुक्त विनय कुमार तथा अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान टोपियरी पार्क, निर्झर वाटिका, फाउंटेन पार्क, कैक्टस गार्डन, शहर के प्रमुख चौकों, राजीव कॉलोनी और अटल पार्क का जायजा लिया गया। अधिकारियों को सभी परियोजनाओं की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा अवसंरचनाओं का रखरखाव निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि ट्रीटेड वॉटर सिस्टम के माध्यम से पार्कों की सुंदरता बढ़ाने और उनके टिकाऊ संचालन को सुनिश्चित करना पीएमडीए की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्झर वाटिका और फाउंटेन पार्क में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण तथा फव्वारों के नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने पार्कों और हरित क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता की लैंडस्केपिंग, बेहतर पैदल मार्ग, नियमित बागवानी कार्य, जनसुविधाओं और शौचालयों के रखरखाव के साथ-साथ बेंच और साइनेज जैसी सुविधाओं को मजबूत करने के निर्देश भी दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित