चेन्नई , फरवरी 26 -- तमिलनाडु में वन्नियार-ओबीसी बहुल पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) में नेतृत्व विवाद के बीच पार्टी संस्थापक एस रामदास ने गुरुवार को कहा कि उनका गुट आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए 28 फरवरी तक गठबंधन रणनीति की घोषणा करेगा।
विल्लुपुरम जिले के तिंदिवनम स्थित तैलापुरम आवास पर समर्थकों के साथ बैठक के बाद श्री रामदास ने कहा कि उनकी पार्टी केवल द्रविड़ दलों के साथ ही गठबंधन करेगी।
उल्लेखनीय है कि उनके पुत्र और पूर्व केन्द्रीय मंत्री अंबुमणि रामदास के नेतृत्व वाला गुट पहले ही अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से हाथ मिला चुका है।
राजनीतिक हलकों में अटकलें हैं कि श्री रामदास द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) नीत धर्मनिर्पेक्ष प्रगतीशील गठबंधन (एसपीए) के साथ जा सकता है, हालांकि इसमें सहयोगी दल विदुथलाई चिरुथइगल काची की संभावित आपत्तियां बाधा बन सकती हैं। एक अन्य विकल्प अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम भी माना जा रहा है।
इस बीच चेन्नई की एक अदालत ने पार्टी नाम और 'आम' चुनाव चिह्न के उपयोग को लेकर दायर याचिका पर अंबुमणि और चुनाव आयोग से जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई नौ मार्च को होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित