चंडीगढ़ , जनवरी 22 -- हरियाणा सरकार ने पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) से ऋण लेने वाले सरकारी कर्मचारियों के ऋण खातों के मिलान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत वे सभी ऋण खाते भी शामिल होंगे, जो ऋण पोर्टफोलियो के स्थानांतरण के बाद पीएनबी को ट्रांसफर किये गये हैं।
इस संबंध में वित्त विभाग ने पत्र जारी किया है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि ऋण खातों के मिलान की प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए सभी विभागों और कार्यालयों को मुख्यालय स्तर पर नोडल अधिकारी नामित करना होगा। यह नोडल अधिकारी अपने-अपने विभाग या कार्यालय के ऋणधारक कर्मचारियों के सभी ऋण खातों के मिलान की निगरानी करेगा। इसके साथ ही प्रत्येक विभाग और कार्यालय को जिला स्तर पर भी नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला स्तर के नोडल अधिकारी विभिन्न जिलों में कार्यरत कर्मचारियों के ऋण खातों के मिलान के अलावा, अन्य संगठनों में प्रतिनियुक्ति पर तैनात ऋणधारक कर्मचारियों के मामलों का भी समन्वय करेंगे। सरकार ने निर्देश दिए हैं कि नामित नोडल अधिकारियों के नाम और संपर्क विवरण 27 जनवरी तक वित्त विभाग को ई-मेल आईडी पर भेजे जायें, ताकि ऋण खातों के मिलान की प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित