चंडीगढ़ , जुलाई 29 -- पंजाब विश्वविद्यालय में पीएचडी स्कॉलर ज्योति की करंट लगने से हुई मौत के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। विश्वविद्यालय के जल कार्य विभाग के एसडीई (इलेक्ट्रिकल) लखविंदर सिंह धनोआ और एक्सईएन अनिल ठाकुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

ज्योति की मंगलवार को विश्विद्यालय परिसर में करंट लगने से मौत हो गई थी। घटना के बाद छात्रों में भारी आक्रोश देखने को मिला और उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई, पीड़ित परिवार को न्याय और परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की थी।

लगातार बढ़ते विरोध और मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए दोनों अधिकारियों को निलंबित कर दिया। मामले की जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित