मुरादाबाद , मई 24 -- उत्तर प्रदेश में आसमान से बरसती आग और भीषण हीटवेव ने अब जान लेना शुरू कर दिया है। मुरादाबाद में रविवार को चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों के बीच ड्यूटी पर तैनात एक प्रांतीय रक्षा दल (पीआरडी) जवान की मौत हो गई। प्रदेश भर में जारी रेड और ऑरेंज अलर्ट के बीच महानगर की सड़कें भट्टी की तरह तप रही हैं, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
प्राप्त विवरण के अनुसार, मुरादाबाद ब्लॉक निवासी 45 वर्षीय पीआरडी जवान किशन स्वरूप सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मधुबनी चौराहे पर सुबह 6 बजे से यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। दोपहर के समय प्रचंड गर्मी के कारण उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां ईएमओ डॉ. जुनैद खान के नेतृत्व में चिकित्सकों ने सीपीआर देकर उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन जवान को बचाया नहीं जा सका।
अस्पताल के ईएमओ डॉ. जुनैद खान ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस के हेड कांस्टेबल मोहम्मद हसनैन गंभीर हालत में पीआरडी जवान किशन स्वरूप को अस्पताल लेकर आए थे। डॉक्टरों ने तुरंत उनकी ईसीजी की और सीपीआर देकर पुनर्जीवित करने का प्रयास किया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी यानी उन्हें ब्रॉट डेड (मृत अवस्था) में लाया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित