श्रीगंगानगर , मार्च 25 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ मार्ग पर स्थित सरकारी जिला अस्पताल के इमरजेंसी विंग में बुधवार को दोपहर एक 40 वर्षीय एक व्यक्ति की रैबीज से मौत होने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रीगंगानगर जिले के श्रीविजयनगर थाना क्षेत्र के एक गांव का निवासी यह व्यक्ति मंगलवार शाम से ही अजीब हरकतें कर रहा था। उसे हवा और पानी से अत्यधिक डर महसूस हो रहा था। आज दोपहर करीब ढाई बजे परिवार के सदस्य उसे आपातकालीन शाखा में लेकर पहुंचे। जहां मरीज के मुंह से झाग निकलने लगा। कुछ ही मिनटों में उसकी मौत हो गई।
इसके बाद जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुखदेवसिंह बराड़ तुरंत आपातकालीन शाखा पहुंचे। उन्होंने अन्य चिकित्सकों के साथ मिलकर पूरी स्थिति का जायजा लिया और तत्काल एहतियाती कदम उठाते हुए मरीज के संपर्क में आने वाले सभी लोगों-अस्पताल स्टाफ, परिवारजन, रिश्तेदारों और वाहन चालक को एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
परिवार वालों ने पूछताछ में बताया कि उनके घर में एक पालतू पिल्ला था, जिसकी करीब 15 दिन पहले अचानक मौत हो गई थी। उस पिल्ले के मुंह से भी झाग निकल रहा था। मृतक व्यक्ति इस पिल्ले को अक्सर अपने साथ रखता था, उसे खिलाता-पिलाता और छूता था। हालांकि मृतक के शरीर पर कोई काटने का जख्म या घाव दिखाई नहीं दिया, लेकिन चिकित्सकों को आशंका है कि संक्रमण पिल्ले के संपर्क या लार के जरिए हुआ होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित