हरिद्वार , मई 10 -- । ऑपरेशन प्रहार के तहत उत्तराखंड में हरिद्वार पुलिस ने पिल्ला गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रविवार को गैंग के तीन मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है। कोतवाली कनखल पुलिस की इस कार्रवाई से गैंग के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस का दावा है कि गैंग कनखल, ज्वालापुर, भूपतवाला, पथरी और लक्सर समेत कई क्षेत्रों में सक्रिय होकर मारपीट, आपराधिक घटनाओं और गैंग संचालन में संलिप्त था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कनखल के नेतृत्व में अभियान चलाया जा रहा था। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही मारपीट और आपराधिक घटनाओं को देखते हुए पुलिस की सादे वस्त्रों में टीमें जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में संदिग्धों पर नजर बनाए हुए थीं।
पुलिस के अनुसार 4 मई 2026 को कनखल निवासी प्रणव शर्मा ने अपने साथ हुई मारपीट के संबंध में कोतवाली कनखल में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि जगजीतपुर स्थित रॉयल हट में आरोपियों ने प्रणव के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर शनिवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित