मुरादाबाद , अगस्त 1 -- आगामी पिरान कलियर मेला और रक्षाबंधन पर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए रेल प्रशासन ने रुड़की रेलवे स्टेशन पर 18 प्रमुख ट्रेनों का अस्थायी ठहराव देने तथा कई विशेष अनारक्षित ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने शनिवार को बताया कि 13 अगस्त से 31 अगस्त तक रुड़की स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का अस्थायी ठहराव रहेगा। इनमें ट्रेन संख्या 14617/14618, 15211/15212, 15531/15532, 12237/12238, 12317/12318, 14605/14606, 14691/14692, 12357/12358 तथा 15933/15934 शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि पिरान कलियर मेले के अकीदतमंदों की सुविधा के लिए 22 अगस्त से 31 अगस्त के बीच बरेली और रुड़की के मध्य अनारक्षित विशेष ट्रेनें भी चलाई जाएंगी। इसके तहत ट्रेन संख्या 04321 बरेली से सुबह 7:20 बजे प्रस्थान कर दोपहर 2:00 बजे रुड़की पहुंचेगी, जबकि ट्रेन संख्या 04319 बरेली से सुबह 10:40 बजे चलकर शाम 5:15 बजे रुड़की पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04322 रुड़की से दोपहर 2:30 बजे चलकर रात 11:00 बजे बरेली पहुंचेगी तथा ट्रेन संख्या 04320 रुड़की से शाम 6:20 बजे प्रस्थान कर देर रात 1:20 बजे बरेली पहुंचेगी।

ये विशेष ट्रेनें रामपुर, मुरादाबाद, कांठ, स्योहारा, धामपुर, नगीना, नजीबाबाद, मौज्जमपुर नारायण, चंदोक और लक्सर स्टेशनों पर भी ठहरेंगी।

श्री यादव ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए हरिद्वार और लखनऊ के बीच भी विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। ट्रेन संख्या 04330 (हरिद्वार-लखनऊ) 27 से 29 अगस्त तक हरिद्वार से दोपहर 3:10 बजे रवाना होकर रात 12:10 बजे लखनऊ पहुंचेगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 04329 (लखनऊ-हरिद्वार) 28 से 30 अगस्त तक लखनऊ से रात 1:15 बजे चलकर दोपहर 11:55 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। ये ट्रेनें नजीबाबाद, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, बालामऊ और संडीला स्टेशनों पर भी ठहराव लें ।

उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर यात्रियों की संख्या के अनुसार अतिरिक्त खाली रैक भी संचालित किए जाएंगे। यात्रियों से यात्रा से पहले स्टेशन नोटिस बोर्ड, रेलवन ऐप अथवा रेलवे हेल्पलाइन 139 के माध्यम से ट्रेनों के समय की जानकारी प्राप्त करने की अपील की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित