हरिद्वार , अक्टूबर 13 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मंगलवार को नगर पंचायत पिरान कलियर में सेवा संकल्प अभियान 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' के तहत बहुद्देशीय शिविर आयोजित किया गया।

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) शोभाराम प्रजापति की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में करीब 450 लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से 117 पात्र लोगों को लाभान्वित किया गया, जबकि प्राप्त 11 शिकायतों में से पांच का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

शिविर को संबोधित करते हुए श्री प्रजापति ने कहा कि 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' प्रदेश सरकार की जनहितकारी पहल है। इसका उद्देश्य जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करना और पात्र व्यक्तियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सरलता एवं पारदर्शिता से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

शिविर में 25 विभागों ने स्टॉल लगाकर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। राजस्व, ग्राम विकास, शहरी विकास, समाज कल्याण, खाद्य एवं आपूर्ति, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, कृषि, स्वास्थ्य, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य, कौशल विकास, सेवायोजन, गृह, आयुष, श्रम और ऊर्जा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई।

इस दौरान आमजन की समस्याएं सुनते हुए कुल 11 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से पांच का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष छह मामलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित