भोपाल , अगस्त 20 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के पिपलानी इलाके में महिला के साथ फ्लैट में मिले मुस्लिम युवक की हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं द्वारा कथित तौर पर मारपीट किए जाने का वीडियो सामने आया है। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर महिला की शिकायत पर दर्ज प्रकरण की जांच शुरू कर दी है तथा फ्लैट में हुए पूरे घटनाक्रम की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस के अनुसार महिला ने शिकायत में आरोप लगाया है कि इंस्टाग्राम के माध्यम से राजगढ़ निवासी आदिल से उसकी पहचान हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने शादी का भरोसा देकर करीब साढ़े चार वर्ष तक उसका शोषण किया। महिला ने आरोपी पर मुस्लिम धर्म अपनाने और नमाज पढ़ने के लिए दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है।
मामला 17 अगस्त को सामने आया था। महिला और आदिल के एक फ्लैट में मौजूद होने की सूचना मिलने पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता पुलिस के साथ वहां पहुंचे। दोनों के एक कमरे में मिलने के बाद हंगामा हुआ और इसी दौरान कार्यकर्ताओं ने आदिल के साथ मारपीट की। वीडियो में पुलिसकर्मी युवक को बचाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस अब महिला और आरोपी के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया पर हुई बातचीत तथा अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच में दोनों के बीच संबंधों की अवधि, शादी को लेकर हुई बातचीत तथा धर्म परिवर्तन और नमाज के लिए दबाव बनाए जाने के आरोपों से जुड़े साक्ष्यों को देखा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार आरोपी आदिल को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। वहीं फ्लैट में हुई मारपीट के वीडियो और घटनाक्रम की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित