पिथौरागढ़ , सितंबर 05 -- उत्तराखंड में पिथौरागढ़ के थल से लापता एक बुजुर्ग का पांचवें दिन भी सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस की ओर से तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम तड़ीगांव निवासी 93 वर्षीय शेर राम गत 01 सितंबर को घर से टहलने के लिये निकले थे और उसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया।
कल 04 सितंबर को लापता बुजुर्ग के पुत्र श्याम राम विश्वकर्मा ने इस संबंध में थाना थल में शिकायत दर्ज कराई। शुक्रवार को परिजनों को सूचना मिली कि कोटाल ताल क्षेत्र में रामगंगा नदी के ऊपर स्थित गहरी खाई में झाड़ियों में कुछ कपड़े दिखाई दे रहे हैं। सूचना पर थानाध्यक्ष थल गणेश दत्त भट्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम और एसडीआरएफ मौके पर पहुंची।
तलाशी में खाई से खाकी पैंट, चेकदार शर्ट, गुलाबी राखी और लाठी बरामद हुई, जिनकी पहचान मौके पर मौजूद परिजनों ने शेर राम की वस्तुओं के रूप में की। इन वस्तुओं की ई-साक्ष्य ऐप के जरिए वीडियोग्राफी कर नियमानुसार बरामदगी की गई। इसके बावजूद बुजुर्ग शेर राम का कोई पता नहीं चल पाया। पुलिस की ओर से गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित