पिथौरागढ़ , अगस्त 19 -- केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने बुधवार को कहा कि पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज जल्द संचालित किया जाएगा।

श्री टम्टा ने यह बात निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण के दौरान कही। उन्होंने कहा कि सीमांत जिले के लिए यह एक महत्वपूर्ण परियोजना है और इसे जल्द ही संचालित किया जाएगा, जिससे जिले सहित आसपास के क्षेत्रों को स्थानीय स्तर पर बेहतर व विशेषज्ञ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि जहां भी निर्माण में कमी या तकनीकी समस्या नजर आए, उसे तत्काल दूर किया जाए।

उन्होंने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को निर्देशित किया कि वे निर्माण कार्य पर लगातार नजर रखें तथा समय-समय पर निरीक्षण करते रहें। उन्होंने कहा कि कॉलेज के संचालन से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से सुनिश्चित की जानी जरूरी हैं, ताकि मरीजों, चिकित्सकों, विद्यार्थियों और अन्य स्टाफ को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के संचालन से पिथौरागढ़ और सीमांत क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी और लोगों को गंभीर व विशेषज्ञ उपचार के लिए अन्य बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी।

निरीक्षण के दौरान दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, मेयर कल्पना देवलाल, जिलाधिकारी आशीष भटगांई मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित