पिथौरागढ़ , सितंबर 25 -- केबिनेट मंत्री और प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने शुक्रवार को पिथौरागढ़ के 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत 'आंगन का मिलन' कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं आशा बहनों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
शुक्रवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्र बगरैली, बिण में आयोजित कार्यक्रम में आठ लाभार्थी बहनों को महालक्ष्मी किट प्रदान की गई जबकि चार बहनों की गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई। मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र में नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ सामूहिक भोजन कर उनसे आत्मीय संवाद भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण और प्रारंभिक शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि माताओं, बहनों और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और राज्य सरकार के प्रयासों से महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण हेतु संचालित योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति तक पहुंचाना सरकार का संकल्प है।
उन्होंने बताया कि 'आंगन का मिलन' अभियान के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों को जनता से और अधिक जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिसके तहत माताओं, बहनों, बच्चों और आमजन को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा बहनों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान आज से सात अक्टूबर तक पूरे प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्रों में संचालित किया जाएगा, जिसके माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
कार्यक्रम में मौजूद मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने बताया कि जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर 25 सितंबर से सात अक्टूबर तक कार्ययोजना के अनुसार विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनके माध्यम से पात्र लोगों को योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा।
इस अवसर पर मेयर पिथौरागढ़ कल्पना देवलाल, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेन्द्र प्रसाद, राज्यमंत्री गणेश भंडारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी निर्मल बसेड़ा सहित जनप्रतिनिधि, विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं बच्चे उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित