पिथौरागढ़ , मार्च 23 -- उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में आगामी 27 मार्च को पूर्व सैनिकों के लिए एक भव्य रैली का आयोजन किया जा रहा है।
पिथौरागढ़ सैन्य स्टेशन में आयोजित होने वाली इस रैली का उद्देश्य जिले के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों को विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है।
इस रैली में माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।
रैली में सैनिकों की सुविधा के लिए सेना से जुड़े विभिन्न विभागों के स्टाल लगाए जायेंगे। खासकर असम राइफल्स रिकार्ड कार्यालय एवं पीसीडीए (पेंशन), प्रयागराज प्रमुख रूप से शामिल रहेंगे। इन स्टॉलों पर पेंशन, सेवा अभिलेख, पारिवारिक लाभ, पेंशन संशोधन प्रकरणों सहित अन्य विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी।
इसके अतिरिक्त जिला प्रशासन की ओर से भी स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें जिला सैनिक पुनर्वास एवं कल्याण कार्यालय तथा जिला पुलिस के स्टॉल शामिल होंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से पूर्व सैनिकों को पुनर्वास, रोजगार के अवसरों, सरकारी योजनाओं एवं प्रशासनिक सहायता से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
रैली के अंतर्गत 161 मिलिट्री अस्पताल, एमडीसी पिथौरागढ़ तथा जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ के सहयोग से एक निःशुल्क चिकित्सा जांच शिविर का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श की समुचित व्यवस्था रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान विशिष्ट भूतपूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान एवं बलिदान के लिए सम्मानित भी किया जाएगा।
जिले के समस्त पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस रैली में प्रतिभाग कर उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित