देहरादून , जून 29 -- उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जनपद मुख्यालय पर देवकटिया मैदान में प्रादेशिक सेना (टेरिटोरियल आर्मी) की 130 इन्फैंट्री बटालियन इको कुमाऊँ द्वारा पूर्व सैनिकों एवं पात्र भूतपूर्व महिला कर्मियों के लिए भर्ती रैली का आयोजन आगामी तीन से आठ अगस्त तक आयोजित किया जायेगा। यह भर्ती रैली निर्धारित तिथि में प्रतिदिन प्रातः 06:00 बजे से प्रारंभ होगी।

आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को बताया कि भर्ती रैली में तीन अगस्त को अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। चार अगस्त को शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित होगी, जबकि पांच से आठ अगस्त तक शारीरिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का चिकित्सीय परीक्षण एवं साक्षात्कार किया जाएगा। भर्ती रैली के अंतर्गत कुल 69 रिक्त पदों पर नामांकन किया जाएगा। इनमें सैनिक (सामान्य ड्यूटी) के 49 पद केवल उत्तराखण्ड के पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित हैं। इसके अतिरिक्त सैनिक (शेफ कम्युनिटी) के 4, सैनिक (वाशरमैन) के 2, सैनिक (टेलर) के 2, सैनिक (इक्विपमेंट रिपेयरर) के 2, सैनिक (हेयर ड्रेसर) के 3, सैनिक (ब्लैक स्मिथ) का 1, सैनिक (क्लर्क) का 1, सैनिक (कारपेंटर) के 3 तथा सैनिक (हाउस कीपर) के 2 पदों पर अखिल भारतीय स्तर पर पात्र पूर्व सैनिक आवेदन कर सकेंगे।

इस भर्ती के लिए पूर्व सैनिक (पेंशनधारक) तथा भूतपूर्व महिला कर्मी, जो कि पर्यावरण वन मंत्रालय तथा जलवायु नियंत्रण या राज्य वन विभाग, उत्तराखण्ड में न्यूनतम 20 वर्ष की सेवा प्रदान की हो, आवेदन करने के पात्र होंगे। पूर्व सैनिकों एवं भूतपूर्व महिला कर्मियों का नामांकन सेवानिवृत्ति अथवा सेवा से मुक्त होने की तिथि से पांच वर्ष के भीतर होना आवश्यक है। अभ्यर्थियों के लिए चिकित्सीय श्रेणी शेप-1, चरित्र अनुकरणीय अथवा बहुत अच्छा होना अनिवार्य है। पुरुष अभ्यर्थियों का न्यूनतम वजन 50 किलोग्राम तथा महिला अभ्यर्थियों का न्यूनतम वजन 42 किलोग्राम निर्धारित किया गया है। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम ऊँचाई 160 सेंटीमीटर (गोरखा एवं गढ़वाली अभ्यर्थियों के लिए 152 सेंटीमीटर) तथा भूतपूर्व महिला कर्मियों के लिए 150 सेंटीमीटर निर्धारित है। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए सीने का न्यूनतम माप 82 सेंटीमीटर तथा 5 सेंटीमीटर का विस्तार अनिवार्य होगा। महिला अभ्यर्थियों को भी पांच सेंटीमीटर तक सीने का विस्तार करने में सक्षम होना होगा।

अभ्यर्थियों को जानकारी दी गई है कि पूर्व सैनिकों को मूल डिस्चार्ज बुक, पीपीओ की मूल एवं छायाप्रति, पूर्व सैनिक पहचान पत्र, आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र तथा पासपोर्ट आकार के सात रंगीन फोटो साथ लाने होंगे। भूतपूर्व महिला कर्मियों को मूल पेंशन आदेश, संबंधित विभाग द्वारा जारी 20 वर्ष की सेवा प्रमाणित करने वाला प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र तथा सात पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो प्रस्तुत करने होंगे। भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं ऑनलाइन नामांकन के लिए अभ्यर्थी वेबसाइट पर अथवा जारी क्यूआर कोड के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित