पिथौरागढ़ , मार्च 06 -- उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में शुक्रवार को एक टिपर के खाई में गिरने से चालक की मौत हो गई। राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और पुलिस ने शव को खाई से बाहर निकाल लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह पिथौरागढ़ पुलिस को सूचना मिली कि गुरना के पास एक टिपर वाहन खाई में गिर गया है। एंचोली चौकी पुलिस और अपर उप निरीक्षक महिपाल सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य चलाया गया।
चालक की मौके पर ही मौत हो गई। शव को खाई से बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान केशव सिंह बोरा निवासी ग्राम दुंगा टोली, पिथौरागढ़ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि केशव टिपर वाहन में गिट्टी भरकर लोहाघाट गया था। ऐसा माना जा रहा है कि वापस लौटते वक्त यह हादसा हुआ है। पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित