पिथौरागढ़ , मई 05 -- उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में सोमवार देर रात विवाह समारोह से लौट रही जीप के खाई में गिरने से एक युवक की मौत हो गई जबकि अन्य तीन घायल हो गये हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक जीप में सवार लोग कल देर रात विवाह समारोह से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कॉटेबोरा से बसौड की ओर जाते समय अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही झूलाघाट के थाना प्रभारी संजीव कुमार, चौकी प्रभारी वड्डा आशीष रावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ राज्य आपदा मोचन बल पिथौरागढ़ टीम और 108 एम्बुलेंस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
जीप में चालक सहित कुल चार लोग सवार थे। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान लक्की भण्डारी (22 के रूप में हुयी है। वह पिथोरागढ के कॉटेबोरागांव का रहने वाला था।
घायलों में चालक जगदीश बिष्ट (40), मोहन सिंह (40) और सचिन चन्द (22) शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ में भर्ती कराया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित